Monday, December 15, 2014

प्रभारी मंत्री रिणवा की पहली बीकानेर यात्रा

बीकानेर जिले के नये प्रभारी और वन, पर्यावरण और खान मंत्री राजकुमार रिणवा को मिली इस नई जिम्मेदारी के बाद कल पहली बार बीकानेर आए। चूंकि प्रदेश सरकार का एक साल पूरा हुआ सो इस अवसर पर स्थानीय जिला जनसम्पर्क कार्यालय ने एक फोटो प्रदर्शनी के आयोजन के बाद पत्रकारों के साथ उनकी बातचीत आयोजित की। ग्यारह बजे घोषित इस कार्यक्रम में मंत्री बारह-बीस पर पहुंचे। वहां पहुंचे पत्रकारों, सम्बन्धित सरकारी अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं में से किसी को भी इस बीच इस देरी पर असहज होते नहीं देखा गया। मानो इस तरह की देरी भुगतना अब उन सब की आदत में शामिल हो। किसी ने बात भी की तो जवाब मिला कि समय पर कौनसा नेता आता है, प्रतिप्रश्न सटीक था। लेकिन क्या नेता और मंत्री का समय पर पहुंचना प्रधानमंत्री मोदी की 'गुड गवर्नेंस' में नहीं आता। यह गुड गवर्नेंस क्या केवल सरकारी कारकुनों को हड़काने के लिए ही है।
खैर—मंत्रीजी ने पहुंचते ही करीने से आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन कर डाकबंगले के हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 'जिला दर्शन-2014' पुस्तिका का विमोचन किया। बाद इसके इसी स्थान पर आयोजित प्रेसवार्ता में मंत्री को पत्रकारों के मुखातिब होना था। इसके लिए एक पत्रकार मित्र ने पार्टी कार्यकताओं से उस हॉल से बाहर जाने का निवेदन भी कर दिया। बावजूद इसके पार्टी कार्यकर्ता वहीं ठुंसे रहे। होना तो यह चाहिए था कि मंत्री कार्यकर्ताओं को बाहर जाने का कहते लेकिन लगता नहीं नये-नये बने इन मंत्री को इस तरह की औपचारिक जरूरतों का भान हुआ हो। आयोजक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी की सीमाएं ऐसे माहौल में कुछ न कहने-सुनने की समझ में आती है लेकिन इस अव्यवस्थित-सी प्रेसवार्ता के लिए मंत्री ही ज्यादा जिम्मेदार हैं।
पत्रकारों ने तकनीकी विश्वविद्यालय, मेगाफूड पार्क, केन्द्रीय विश्वविद्यालय जैसे चिढ़ाने वाले मुद्दे भी उठाए तो शहर की रेल फाटकों की समस्या के समाधान और जिप्सम और बजरी के अवैध खनन पर अंकुश की बात भी हुई। लेकिन सवाल-जवाब से लगा कि जिले के प्रभारी मंत्री बिना होमवर्क के आ धमके। उन्हें इनमें से किसी भी मुद्दे की प्राथमिक जानकारी तक नहीं थी। वे जवाब में बार-बार यही बताते रहे कि शहर की सूरसागर जैसी समस्या से मैं अवगत हूं। अब उन्हें यह कौन बताए कि अधकचरे समाधान के बाद सूरसागर की समस्या पहले जैसी विकराल नहीं रही।
केन्द्रीय विश्वविद्यालय की उम्मीदें और लगभग घोषित हो चुके मेगाफूड पार्क और शुरू हो चुके तकनीकी विश्वविद्यालय को बन्द करना शहर को चिढ़ाना ही है। वहीं उन्हें यह नहीं पता कि शहर जिन रेल फाटकों की समस्या को चौबीसों घण्टे भुगत रहा है उनके समाधान के विकल्पों की बात तो दूर उन्हें इनकी जानकारी तक भी नहीं। रही बात बजरी और जिप्सम के अवैध खनन पर अंकुश लगाने के उनके आश्वासन की, उसके लिए शायद अलग तासीर के शासक की जरूरत होगी। शौकीया राजनीति से शासन में आए राजकुमार रिणवा जैसों के बस की बात तो ये हरगिज नहीं है। इस अवैध खनन में लगे लोगों की पहुंच कांग्रेस और भाजपा सहित रिणवा से जिन ऊंचे लोगों तक है वहां तो हाथ डालने से पहले रिणवा भी सोचेंगे।
इस प्रेसवार्ता में उनके बराबर में बीकानेर (पश्चिम) के विधायक गोपाल जोशी भी बैठे थे, राजनीति में रिणवा से लगभग पचास वर्ष वरिष्ठ जोशी मात्र 'मिट्टी के माधो' ही बने रहे। बीकानेर से सम्बन्धित प्रभारी मंत्री की इस प्रेसवार्ता में उनकी इस जीरो सक्रियता का मानी कहीं यह तो नहीं है कि वे चुक गये हैं या वे अब पूरी तरह निराश हो चुके हैं। रही बात बीकानेर (पूर्व) की विधायक सिद्धीकुमारी की तो उन्हें इस शहर से मतलब अब शायद वोट लेने जितना भी नहीं है। आम-अवाम ने उनकी पांच वर्ष की निष्क्रियता और बिना कोई खास चुनावी मेहनत के बावजूद उन्हें वोट दिए हैं, इस सब को वह शायद अपनी बपौती मान चुकी हैं? शायद इसीलिए वह जनता के बीच ज्यादा जाना अपनी तौहीन मानने लगी हो।

15 दिसम्बर, 2014

Saturday, December 13, 2014

'न भूतो' बहुमत की रोशनी में वसुन्धरा और नरेन्द्र मोदी

किसी सरकार की वर्षगांठ के उत्सव से आमजन को कोई लाभ या राहत मिलती हो, कह 'नहीं' सकते लेकिन ऐसे मौकों पर मीडिया या कहें टीवी-अखबारों का थोड़ा-बहुत घोघा जरूर बूरा जाता है।
प्रदेश की कमान संभाले वसुंधरा को एक वर्ष पूरा हो गया है। राजधानी जयपुर में आज जश्न का आयोजन है। प्रदेशभर से पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं के साथ पहुंच रहे हैं। मीडिया जहां अपने-अपने बल पड़ते तरीकों से सरकार के पिछले वर्ष के काम-काज की पड़ताल कर रहा है वहीं हष्ट-पुष्ट सरकार और लुंज-पुंज विपक्ष किए और न किए का लेखा-जोखा जनता को बताना चाह रहे हैं।
पड़ताल का मोटा-मोट परिणाम तो यही लगता है कि सरकार ने इस एक वर्ष में चाहे बहुत कुछ किया हो लेकिन उनमें से दृश्यमान कुछ भी नहीं। खुद मुख्यमंत्री ने इसकी स्वीकारोक्ति करते हुए कह ही दिया—जनता ने हमें पांच साल के लिए चुना फिर एक वर्ष में ही परिणामों पर इतनी उतावली क्यों। साथ में उन्होंने करके न दिखा पाने के कारणों की एक फेहरिस्त भी पिछली सरकार को भुंडाते हुए पेश कर दी। वहीं विपक्ष में जैसी-तैसी भी कांग्रेस है, वह अपनी सरकार के किए और भाजपा के चुनाव घोषणा में दिखाए सब्जबागों की रोशनी में इस सरकार को जनता के साथ एक धोखे से कम घोषित नहीं कर रही।
दरअसल वसुन्धरा को इस बार जो 'न भूतो' बहुमत हासिल हुआ उसका श्रेय खुद वसुन्धरा को कम और पार्टी के तब घोषित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आक्रामक और प्रभावी प्रचार शैली को ज्यादा है। इसे मानने से इनकार नहीं है कि मोदी प्रचार के ये तौर-तरीके नहीं अपनाते तो वसुन्धरा के पाले में 163 नहीं 100 के आगे-पीछे की संख्या में ही विधायक होते। ऐसे में वसुंधरा सरकार बना भी लेती तो अपने बूते इस हासिल के लिए वह शायद कुछ ऐसा करतीं जो दीखे।
शासन पर वसुंधरा के दुबारा काबिज होने के समय से ही पार्टी सुप्रीमो नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी जो ट्यूनिंग बिगडऩे लगी, बजाय सुधरने के लगातार बिगड़ती ही जा रही है। न वसुंधरा को पिछले कार्यकाल की तरह पार्टी की ओर से खुल्लम-खुल्ला की छूट है और न ही सहयोग। वसुंधरा जिस मिजाज की हैं उसमें वह इस तरह की परिस्थिति में काम करने की अनुकूलताएं नहीं पातीं। इसी का परिणाम है कि प्रदेश की यह भाजपा सरकार आम-अवाम के लिए कुछ करती नहीं दीख रही। लोक प्रचलित कैबत के हवाले से बात करें तो काम न करने के 100 बहाने हो सकते हैं, करने के लिए तो एकमात्र इच्छाशक्ति की जरूरत होती है और वसुंधरा इस एक वर्ष में वही नहीं बटोर पाई।
केन्द्र में भी इस पार्टी की सरकार 'न भूतो' बहुमत के साथ बनी, बावजूद इसके उसकी स्थिति प्रदेश की वसुंधरा सरकार से कुछ अलग नहीं दिख रही। ऐसे में तुलना करें तो नरेन्द्र मोदी बिना किसी बन्धन और स्पीड गवर्नर के भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं तो वसुंधरा को पार्टी हाईकमान और सुप्रीमो की ओर से किसी भी तरह की अनुकूलता न मिलने की स्थिति उसके पक्ष में बहाना है।
मोदी अपनी अक्षमताओं को छुपाने के लिए नये-नये अभियान, नारे और शगूफे दे कर भरमाने का क्रम जारी रखे हुए हैं। मोदी को आज की डाफा चूक (किंकर्तव्यविमूढ) वसुन्धरा को देख यह समझ लेना चाहिए कि जनता को काम होते दिखना ज्यादा जरूरी है बजाय इसके कि उसे दूसरे-दूसरे तरीकों से भ्रमित करें।
ऐसे में लगता है वसुंधरा शासन के मामले में ज्यादा परिपक्व हैं। उन्हें अनुकूलता मिले तो समय और परिस्थितियों के अनुसार नरेन्द्र मोदी से बेहतर परिणाम दे सकती हैं, जबकि मोदी बावजूद सभी अनुकूलताओं के काबिलीयत नहीं दिखा पा रहे हैं तो यही कहा जा सकता है वे शायद काबिल शासक साबित नहीं हो सकें।
'विनायक' ने पहले ही कहा है कि गुजरात का शासन चलाने और भारत जैसे देश का शासन चलाने में अन्तर जमीन-आसमान का है। मोदी को यह समझ नहीं आया और आ भी जाए तो अपनी नाकाबिलीयत के चलते कुछ न कर पायें तो देश और आम-अवाम के लिए यह बहुत निराशाजनक होगा। भाजपा को जो भुगतना है वह अपने किए का चुकाना होगा। मारो-मारो वही ज्यादा करते हैं जिनके पास मारने का सामथ्र्य नहीं होता, मोदी क्या ऐसे ही स्वांग से नहीं गुजर रहे हैं!

13 दिसम्बर, 2014