Friday, December 12, 2014

जनप्रतिनिधियों को सांप क्यों सूंघ जाता है?

राजस्थान निर्माण के समय जिन रियासतों की महती भूमिका रही है उनमें से एक बीकानेर भी है। लोक में तो यहां तक प्रचलित है कि बीकानेर मूल के एक प्रतिष्ठित संत की तब उनकी संसारी भूमिका में लॉबिंग के चलते जोधपुर रियासत ने लगभग तय ही कर लिया था कि वह अपना विलय भारत की बजाय पाकिस्तान में करेगा। इसके झूठ-साच का तो पता नहीं पर जिस तरह बहुत कुछ धारणाएं हम लोक में उसके प्रचलन के आधार पर बनाते हैं ऐसे में इसे सिरे से कैसे खारिज किया जा सकता है?
आज यह मुद्दा इसलिए उठाना पड़ा कि खादी की अवधारणा जैसी-तैसी भी बची है उसे बचाये रखना इसलिए जरूरी है कि इसके साथ न केवल बहुतों का रोजगार जुड़ा है बल्कि खादी बापरने और खादी ही पहनने का संकल्प लिए लोग समाज में अभी भी हैं। इस रोजगार से जुड़े लोग पिछले कुछ दिनों से उद्वेलित इसलिए हैं कि खादी ग्रामोद्योग आयोग के बीकानेर स्थित डिविजनल कार्यालय को जोधपुर स्थानान्तरित करने का निर्णय हुआ है। खादी से जुड़ी संस्थाओं के पदाधिकारियों और कर्मचारियों का यह मानना है कि पहले से ही संकट से घिरे इस अभियान की परेशानियां इस निर्णय से बढ़ेंगी ही। इस दफ्तर से जुड़े कार्य-व्यापार के लिए उन्हें इसके बाद जोधपुर आना-जाना पड़ेगा। इनका एक तर्क यह भी है कि जोधपुर से कई गुना अधिक संस्थाएं बीकानेर में कार्यरत हैं, इसके बावजूद ऐसा निर्णय किया जाना अनुचित है।
आजादी के बाद माना जाता है कि राजस्थान के निर्माण के समय देशी रियासतों में जयपुर के बाद बीकानेर का ही सर्वाधिक योगदान रहा बावजूद इसके बीकानेर के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जाता रहा है। राजधानी जयपुर को, उच्च न्यायालय जोधपुर को और प्रदेश का सबसे बड़ा महकमा शिक्षा विभाग का मुख्यालय बीकानेर के हिस्से आया था। इस महकमे का भी हश्र लगातार क्या हो रहा है किसी से नहीं छुपा। उच्च अधिकारियों का बस चलता तो इस महकमे को वे कब का ही जयपुर ले जा चुके होते। क्योंकि जो भी उच्च अधिकारी यहां आता है उनमें से अधिकांश की यहां टिके रहने की इच्छा नहीं होती। बड़ी छाकटाई से इसके हिस्सों को लगातार जयपुर स्थानान्तरित किया जा रहा है ताकि इन अफसरों को जयपुर में टिके रहने के बहाने मिलते जाएं। हाल ही में इसके छ: खण्डों को जयपुर स्थानान्तरित करने के आदेशों को यहां से जीते और हारे, दोनों तरह के जनप्रतिनिधियों ने नजरअन्दाज किया। छिट-पुट विरोध केवल विभाग के कर्मचारियों ने ही किया जिसे उनका 'रोने में राग' मान कर नजरअन्दाज किया जा रहा है।
पासपोर्ट बनाने का काम पहले ही सीकर चला गया है। चिन्ताजनक बात यह है कि यहां के सांसद और क्षेत्र के विधायकों के अलावा जो नेता जनप्रतिनिधि होने का दम भरते हैं उनमें से कोई इस तरह के मुद्दों पर पर्याप्त सक्रियता नहीं दिखाते, कोई इन्हें ज्यादा से ज्यादा घुद्दा देता भी है तो औपचारिक बयान देकर इतिश्री कर लेते हैं जबकि शहर की इन जरूरतों को यहां बनाये रखने की असल जिम्मेदारी इन्हीं की है। शहर के साथ बड़ी प्रतिकूलता यही है कि हम ऐसों को अपना जनप्रतिनिधि मान लेते हैं जो या तो इन मुद्दों की गंभीरता को नहीं समझते और ऐसी समझ हो भी तो इस चतुराई के साथ चुप्पी साध लेते हैं कि क्यों बाथैड़े में पड़ें। सांसद अर्जुनराम मेघवाल से लेकर शंकर पन्नू, रेवंतराम पंवार, डॉ. बीडी कल्ला, देवीसिंह भाटी, गोपाल जोशी, गोपाल गहलोत, सिद्धीकुमारी, मानिकचन्द सुराना, वीरेन्द्र बेनीवाल, भानीभाई, नन्दकिशोर सोलंकी, भंवरसिंह भाटी और रामेश्वर डूडी जैसे जो अपने को तोपें कहलवाने में संकोच नहीं करते इन सभी को सांप क्यों सूंघ जाता है जब बीकानेर के हितों के साथ ऐसे कुठाराघात होते हैं? पाठक जरा याद करके बतायें कि ऊपर जिन कुठाराघातों का उल्लेख किया है, उन पर इन नेताओं में से कोई सक्रिय है क्या?

12 दिसम्बर, 2014

Wednesday, December 10, 2014

बाल शोषण को देशज मानकों से ही रोका जा सकता है

पाकिस्तान की किशोरी मलाला युसुफ जेई और भारत में बाल अधिकारों के लिए काम करने वाले कैलाश सत्यार्थी को संयुक्त रूप से आज शान्ति का नोबेल पुरस्कार दिया जायेगा। दुनिया के सर्वोच्च सम्मान के रूप में प्रतिष्ठ इस नोबेल को देने के लिए नार्वे के आस्लो में समारोह का आयोजन रखा गया है।
तीसरी दुनिया के देशों में शुमार भारत में मानव या ऐसे ही किन्ही अधिकारों को न विकसित देशों के मानकों की कसौटी पर देखा जाना चाहिए और न ही इस देश से अविकसित देशों में मानवीय अधिकारों के हनन से प्रसूत आत्मसम्मानहीन जीवन की स्थितियों में।
औपनिवेशिक गुलामी के बाद भारत आत्मसम्मानहीनता से हालांकि काफी आगे आ गया है लेकिन जब तक प्रत्येक नागरिक की न्यूनतम जरूरतें आत्मसम्मान के साथ पूरी नहीं होती तब तक मानव और बाल अधिकारों को विकसित देशों के मानकों पर कसना ज्यादती ही है।
कैलाश सत्यार्थी भारत के कुछ हिस्सों में 'बचपन बचाओ' आन्दोलन के माध्यम से बाल अधिकारों और बाल मजदूरी के खिलाफ एक अलख जगाए हुए हैं। उनकी मंशा पर कोई संशय नहीं, वे अपने तईं कुछ अच्छा ही कर रहे हैं।
लेकिन बाल मजदूरी के खिलाफ हमें विचार करते हुए यह भी देखना होगा कि कोई भी बालक अपने खेलने-कूदने के दिनों में, शिक्षा पाने के दिनों में मजदूरी करने को मजबूर क्यों होता है। हमारे देश में हर वयस्क हाथ को काम, हर एक सिर को छप्पर और हर मुंह मेें निवाला और तन पर कपड़ा जैसी न्यूनतम जरूरतें आजादी के सड़सठ वर्षों बाद भी दूर की कौड़ी है। कोई बच्चा मजदूरी इसलिए करता है कि वह अपने अशक्त पिता और आश्रित मां के पेट की आग बुझा सके या किसी बच्चे को काम इसलिए करना पड़ता है कि समाज की दी हुई कुंठाओं से छुटकारे के लिए उसका पिता मजदूरी की अपनी कमाई दारू पीने में लगा देता है और चूल्हे को चेतन करने की जिम्मेदारी बालक पर आ जाती है। कुछ उदाहरण ऐसे भी हैं कि घर में कोई पुरुष सदस्य होता ही नहीं है—ऐसे में उस बालक के पास मजदूरी करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं होता।
इन सब बातों के मानी बाल मजदूरी का समर्थन करना न माना जाय। इसे इस तरह लिया जाना ज्यादा जरूरी है कि उक्त प्रकार की दुर्दशाओं को समाज से कैसे समाप्त किया जाए? जब तक हम ऐसा नहीं कर सकते तब तक बच्चों को अपना और अपनों का पेट पालने से वंचित करना प्रकारान्तर से बाल अधिकारों के हनन में ही आयेगा। जब तक हम अपने समाज को विकसित देशों के मानकों तक नहीं ले जाते हैं तब तक बजाय बालश्रम की खिलाफत के यह देखना ज्यादा जरूरी है कि किसी बच्चे से बेगार न करवाई जाए, किसी बच्चे से अमानवीय या बच्चों से नहीं करवाया जाने वाला काम न करवाया जाय। अपने किए श्रम की उसे पूरी मजदूरी मिले। अन्य किन्ही तरीकों से उसका शोषण न हो। अफसोस कि कैलाश सत्यार्थी जैसे कई महानुभावों और 'बचपन बचाओ' जैसे कई आन्दोलनों के बाद भी अपने देश में ऐसी अमानवीयताएं बहुत से बच्चों के साथ अब भी हो रही हैं।
बच्चों के लिए सचमुच हम कुछ करना चाहते हैं तो बाल अधिकारों के अपने मानक हमें अपने देश, समाज, और कार्य-व्यापारों के हिसाब से तय करने होंगे। विकसित देशों के इन मानकों से नोबेल, मैग्सेसे और ऐसे अन्य पुरस्कार हम भले ही हासिल कर लें लेकिन उन बालकों को न तो अधिकार और अपनों के प्रति उनके कर्तव्य के द्वन्द्व से उन्हें बचा पायेंगे और न ही ऐसे सभी अभियानों के बावजूद देश के बच्चों को लगातार शोषित होने से बचा सकते हैं।

10 दिसम्बर, 2014