Monday, April 10, 2017

मायावती बनाम नेहरू (6 सितम्बर, 2011)

विकीलीक्स ने यह खबर लीक की है कि उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने केवल अपनी चप्पल या सैंडिल मंगवाने के लिए एक बार एक निजी जेट विमान मुंबई भेजा। इसे टीवी और अखबारों ने बड़ा तूल दिया है। इसे इस तरह से उछाला कि वो ऐसा अकसर करती हैं जबकि बिकी की लीक से यह जाहिर नहीं होता है। मायावती की और भी कुछ बातों को सनक की तरह प्रचारित किया जाता रहा है।
यह सब करते हुए यह भूल जाते हैं कि एक समय यह बात जोर-शोर से चली थी कि मोतीलाल नेहरू इतने रईस थे कि जवाहरलाल के कपड़े अमेरिका से ड्राइक्लीन होकर आते थे। वैसे यह बात किसी भी स्रोत से आज तक सिद्ध नहीं हुई है।
यह उदाहरण किसी तुलना की तरह नहीं पेश कर रहे हैं। मायावती जिन सामाजिक स्थितियों में पली-बढ़ी हैं उसमें बचपन से कुछ अतृप्त इच्छाओं के बीज मानव मन की गहराई में पैठ जाते हैं। ऐसा किसी भी परिस्थिति में किसी भी तरह के बच्चों के साथ भिन्न प्रकार से सम्भव हो सकता है। जैसे ही उन इच्छा बीजों को अनुकूलता मिलती है, पल्लवित होने लगते हैं। मायावती भी उसी आमजन के बीच से आई स्त्री राजनेता है। और यह भी सम्भव है कि कोई ऐसा समूह जिसे सत्ता से मोटे लाभ की आस हो और चापलूसी दिखाते हुए उसी ने यह व्यवस्था की हो।
बिना किसी वैचारिक आधार के सत्ता हासिल करने की इच्छाएं ऐसा करने को प्रेरित करती हैं। अन्यथा मायावती गांधी को सही बाबा साहेब अम्बेडकर और ज्योतिबा फूले के विचार और आचरण को ही आत्मसात् करतीं तो शायद यह मौका मीडिया को नहीं देतीं।


                                      वर्ष 1 अंक 15, मंगलवार, 6 सितम्बर, 2011

No comments: